राजधानी दिल्ली में पिछले चंद दिनों में शायद ही कोई ऐसा दिन जाता होगा, जब आग लगने की घटना सामने न आ रही हो। इन सब के पीछे दमकल विभाग विभाग बढ़ते पारे और लोगों की लापरवाही को दोष दे रहा है।
मार्च माह में चढ़ते पारे न जहां अपने रिकॉर्ड कायम किए वहीं आग की घटनाओं ने भी पिछले सालों के रिकॉर्ड तोड़ डाले। दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग के मुताबिक दिल्ली में मार्च माह के दौरान औसतन हर दिन 83 कॉल आई। अकेले मार्च में कॉल्स की संख्या 2573 रही जो पिछले साल मार्च माह में 1638 थी।
दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि मार्च माह का औसत तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसने पिछले 11 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दमकल विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि जनवरी माह में इस साल 1851, फरवरी में 1700 और मार्च के महीनों में 2573 कॉल आई। गर्ग ने बताया कि दमकल विभाग ने आग से निपटने की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
फिलहाल दमकल विभाग के कर्मचारियों की छुट्टियों में कटौती की गई है। इसके अलावा दमकल की सभी गाड़ियों की मरम्मत भी करा ली गई है। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि गर्मी की वजह से इस साल मार्च के आखिरी दस दिनों में कॉल्स की संख्या ने 100 के आंकड़े को पार कर लिया। 29 मार्च को तो 136 कॉल्स आई। रविवार को ही दिल्ली में आग लगने की दो बड़ी घटनाएं सामने आई। जीके में पांच लोगों को सुरक्षित बचाया गया। वहीं शास्त्री पार्क में आग से 250 दुकानें जलकर खाक हो गईं।