आप ने जारी किया दो लोकसभा सीटों का संकल्प पत्र
- उत्तर पूर्वी व पश्चिमी दिल्ली लोक सभा सीट की समस्याओं को गिनाने के साथ उसे दूर करने का किया वायदा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली व पश्चिमी दिल्ली लोक सभा सीट का संकल्प पत्र जारी किया। तीनों सीटों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने इलाके की समस्याओं का उजागर कर वादा किया है कि वह सांसद बनने के 100 दिन में चुनिंदा समस्याओं को निदान भी करेंगे। वहीं, दीर्घकालिक प्रोजेक्ट पर भी काम करने की बात आप प्रत्याशियों ने की।
उत्तर पूर्वी दिल्ली आप प्रत्याशी दिलीप पांडेय का कहना है कि इलाके को जाममुक्त करना उनकी प्राथमिकता में होगा। इसके लिए दिल्ली सरकार के साथ मिलकर जरूरत के हिसाब से नई सड़कों का निर्माण होगा और मौजूदा सड़कों पर फ्लाईओवर व अंडरपास बनवाए जाएंगे। कच्ची कॉलोनियों में सांसद निधि से बुनियादी सुविधाओं को विकास होगा। सिग्नेचर ब्रिज के नजदीकी इलाकों को पयर्टन केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा।
दिल्ली व केंद्र सरकार के साथ मिलकर दिल्ली की आबोहवा सुधारने के लिए हरित क्षेत्र का विस्तार होगा। डीडीए की जमीन पर मोहल्ला क्लीनिक, स्कूलों व अस्पतालों का निर्माण होगा। उत्तर पूर्वी दिल्ली में केंद्र व दिल्ली सरकार से जुड़ी समस्याओं के निदान के लिए सिंगल विंडो समस्या निवारण केंद्र खोला जाएगा। इसके अलावा दूसरे कई वादे किए गए हैं।
दूसरी तरफ पश्चिमी दिल्ली से आप प्रत्याशी बलवीर सिंह जाखड़ ने बताया कि अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण कराने के साथ वह अपने इलाके में सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल, मोहल्ला क्लीनिक व मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर करेंगे। वहीं, संसद में दिल्ली की आवाज बनने की बात भी उन्होंने की। जामयुक्त सड़कों पर फ्लाईओवर व अंडरपास बनवाने राजौरी गार्डन, तिलक नगर, जेल रोड, जनकपुरी व उत्तम नगर में मल्टीलेवल पार्किंग बनवाने का वादा भी किया।