होटल में लगी आग, कोई हताहत नहीं
नई दिल्ली। हरिनगर इलाके में रविवार शाम एक होटल में आग लग गई। दमकल की पांच गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस व दमकल अधिकारी आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब पौने पांच बजे हरिनगर स्थित एसके प्रीमियम पार्क होटल के भूतल पर स्थित चिमनी में आग लगने की सूचना मिली थी। आग लगते ही होटल में मौजूद लोग बाहर निकल गए थे। ब्यूरो
मेट्रो स्टेशन पर नाबालिग के बैग से मिला पिस्टल
नई दिल्ली। अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन पर एक 16 साल के किशोर के बैग से पिस्टल मिला है। सीआईएसएफ ने आरोपी नाबालिग को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी ने बैग में हथियार होने की बात को लेकर अनभिज्ञता जता रहा है। सीआईएसएफ अधिकारियों के मुताबिक शनिवार रात 11:45 बजे सीआईएसएफ हवलदार हवा सिंह अशोक पार्क मेट्रो स्टेशन के एक्सरे मशीन पर तैनात था। इसी दौरान उसने एक बैग में पिस्टलनुमा चीज देखा। बैग को कब्जे में लेकर तलाशी लेने पर उसमें एक देशी कट्टा मिला। जांच में पता चला कि बैग 16 वर्षीय नाबालिग का था जो मंगोलपुरी इलाके का रहने वाला है। सीआईएसएफ ने आरोपी को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया। ब्यूरो