नसीरूद्दीन के खिलाफ थाने में दी शिकायत
पूर्व विधायक शंटी ने की कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग
कहा-नसीरूद्दीन के बयान से देश के सम्मान को क्षति पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अभिनेता नसीरूद्दीन शाह के खिलाफ भाजपा के पूर्व विधायक व समाजसेवी जितेंद्र सिंह शंटी ने विवेक विहार थाने में शिकायत दी है। नसीरूद्दीन को कटघरे में खड़ा करते हुए शंटी ने कहा कि उनके बयान से न सिर्फ देश के सम्मान को क्षति पहुंची है, बल्कि देश की सुरक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों के मनोबल को भी ठेस पहुंची है। शंटी ने नसीरूद्दीन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अपनी शिकायत में शंटी ने कहा है कि नसीरूद्दीन बताएं कि कैसे उन्हें लगता है कि वह खुद व उनके बच्चे भारत में असुरक्षित महसूस करते हैं। भारत में रहकर मान, सम्मान और दौलत सब कुछ मिला। सरकार ने उन्हें उनकी सेवाओं के लिए पद्म भूषण, पद्मश्री और तीन राष्ट्रीय पुरस्कार भी दिए। यह उनकी नासमझी का ही नतीजा है कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने उनके बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि भारत में अल्पसंख्यक असुरक्षित हैं।
शंटी ने 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि सिख होने के नाते उन्होंने कभी भी देश से शिकायत नहीं की। गुनाहगारों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए बाकायदा लड़ाई लड़ी, लेकिन कभी भी अपने देश को उस दंगे के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया।