कोरोना वायरसः जांच के नमूने लेते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी को लेकर संक्रमण दर नियंत्रण में आने के बाद रोजाना मिलने वाले आंकड़ें भी राहत से कम नहीं हैं। पिछले एक दिन की बात करें तो दिल्ली में 56 हजार की जांच में केवल 150 लोग ही कोरोना संक्रमित मिले हैं। यानि 99.74 फीसदी लोगों के सैंपल कोरोना निगेटिव पाए गए हैं। हालांकि एक सच यह भी है कि दिल्ली में अब तक 56 फीसदी से ज्यादा लोगों में कोरोना संक्रमण मिल चुका है।
बुधवार को दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने पिछले एक दिन में 150 संक्रमित मरीज मिलने की जानकारी दी है। इस बीच छह लोगों की उपचार के दौरान मौत हुई है। जबकि नए मरीज से ज्यादा 153 रोगियों को स्वस्थ्य घोषित भी किया गया। विभाग के अनुसार बीते मंगलवार को दिल्ली में 56658 सैंपल की जांच की गई थी जिनमें 0.26 फीसदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसी के साथ ही दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 6,35,481 हो चुकी है जिनमें से अब तक 6,23,409 मरीज स्वस्थ्य भी हो चुके हैं। वहीं 10864 मरीजों की मौत हो चुकी है।
फिलहाल दिल्ली में कोरोना वायरस की मृत्युदर 1.71 फीसदी है जोकि राष्ट्रीय औसत 1.40 फीसदी से काफी ज्यादा है। इसके अलावा दिल्ली में संक्रमण दर 5.83 फीसदी है लेकिन पिछले पांच सप्ताह की स्थिति पर गौर करें तो यह दो फीसदी से भी कम दर्ज की गई है। नए संक्रमित मरीजों में कमी आने के बाद सक्रिय मामले भी कम हुए हैं।
दिल्ली में 1208 सक्रिय मामले ही बचे हैं जिनमें से 440 मरीज अपने घरों में आइसोलेट हैं। अस्पतालों की स्थिति पर ध्यान दें तो 5703 बिस्तर खाली हैं। 6302 में से केवल 599 बिस्तर ही भरे हुए हैं। इनके अलावा दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी तेजी से कम हुई है। 1027 इलाके अभी भी कंटेनमेंट जोन में हैं। इनमें से करीब 20 फीसदी इलाकों को इसी सप्ताह के आखिर तक डीसील किया जा सकता है।