कोहरे ने ट्रेनों के यात्रियों की बढ़ाई परेशानी
दो दर्जन से अधिक ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से चलीं
48 ट्रेनें निरस्त, 20 ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी रेलवे ने घटाई
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कोहरे ने अभी ठीक से दस्तक भी नहीं दी है, इसके बावजूद ट्रेनों की समय सारिणी बिगड़ गई है। कोहरे का असर ट्रेनों पर भारी पड़ने लगा है। इसके कारण ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ने लगी है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। हालांकि पिछले साल की तुलना में इस साल कोहरे से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित नहीं हो रही हैं।
ठंड से यात्री तो परेशान है हीं, साथ ही ट्रेनों की बिगड़ी समय सारिणी व ट्रेनों के निरस्त रहने से भी यात्री इन दिनों परेशान हैं। कोहरा मुसाफिरों के लिए परेशानी बनने लगा है। मंगलवार को दो दर्जन से अधिक ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से चलीं। इसके अलावा 48 ट्रेनें निरस्त रहीं, तो 20 ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी रेलवे ने घटा दी है। मंगलवार को पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल, पूर्वा एक्सप्रेस, जयनगर गरीब रथ, सियालदा राजधानी, मसूरी एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर राजधानी समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। इससे यात्री बेहद परेशान रहे।