डीटीसी बस ट्रांसफार्मर
से टकराई, 12 घायल
यात्री बोले, मोबाइल पर बात कर रहा था चालक
- चालक ने कहा, बस के ब्रेक फेल होने के कारण हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी के कंझावला इलाके में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डीटीसी लो फ्लोर बस बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। इससे बस में सवार 12 लोग जख्मी हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चार को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सवारियों का आरोप है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर चालक विक्रमजीत को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, विक्रमजीत का कहना है कि बस के ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ।
पुलिस के मुताबिक, डीटीसी की लो-फ्लोर ग्रामीण मुद्रिका बस जोंती से आजादपुर टर्मिनल की ओर आ रही थी। इसमें 25-30 सवारियां थीं। सुबह करीब 10:10 बजे बस लाडपुर गांव पहुंची तो चालक ने इससे नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में जा घुसी। रफ्तार अधिक होने के कारण बस में बैठी सवारियों को चोट लगी। गनीमत रही कि बस में करंट नहीं उतरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बस में मौजूद एक यात्री संजय डबास का कहना है कि हादसे के समय चालक बहुत तेज गति से बस चला रहा था। कुछ सवारियों ने उसे बस धीरे चलाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। हादसे के समय उसके मोबाइल पर कोई कॉल भी आई थी। इसे सुनने के दौरान हादसा हुआ।