यूपी के ध्यानार्थ
‘पूर्ण राज्य आंदोलन को मिला ममता व नायडू का समर्थन’
दिल्ली कैंट की चुनावी सभा में मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किया दावा
यूपी के मुख्यमंत्री पर हमला, उनके बयान को बताया सेना का अपमान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली कैंट की चुनावी सभा में दावा किया कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के आंदोलन को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने समर्थन दिया है। साथ ही वादा भी किया कि केंद्र में नई सरकार बनने पर वह दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हरसंभव मदद करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सभी समस्याओं का हल तभी मिलेगा, जब दिल्ली पूर्ण राज्य होगा। इसके लिए दिल्लीवालों को लड़ना पड़ेगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि लड़ाई में सबसे आगे वह खुद रहेंगे। केजरीवाल ने अपील की कि अगर इस बार सभी सांसद आप के जीते, तो दो साल के भीतर दिल्ली पूर्ण राज्य होगा।
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि वह सेना का राजनीतिकरण कर रहे हैं। बकौल केजरीवाल, यूपी के मुख्यमंत्री ने सोमवार को भारतीय सेना को मोदी सेना करार दिया है। इस तरह के बयान को देश व सेना का अपमान बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि देश की सेना को कैसे कोई व्यक्ति विशेष की सेना कह सकता है? यह देश की सेना है, जिस पर सभी देशवासियों को अभिमान है।
इसके अलावा केजरीवाल ने सोमवार को जनकपुरी व राजौरी गार्डन की चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री मनीष सिसोदिया ने संगम विहार व देवली, दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने नरेला व बादली, सांसद संजय सिंह ने घोंडा व करावल नगर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया।