नोट: खबर वाराणासी के लिए भी उपयोगी है
हैड: आईआईटी बीएचयू पूर्व छात्र संघ ने निकाला शताब्दी मार्च
-केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी राजपथ पर आयोजित मार्च में शामिल हुए
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलोजी बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के सौ साल पूरे होने पर पूर्व छात्रों ने रविवार को राजपथ पर पैदल मार्च का आयोजन किया। मार्च को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो अमर जवान ज्योति पर आकर संपन्न हुआ।
पूर्व छात्रों के साथ मनोज सिन्हा ने पैदल मार्च की अगवानी की। सिन्हा भी इस इंस्टीट्यूट के पूर्व छात्र रहे हैं। शताब्दी मार्च में शामिल हुए पूर्व छात्रों का कहना था कि हमारे इंस्टीट्यूट के इंजीनियर देश में ही नहीं विश्व में भी नाम कर रहे हैं। पंडित मदन मोहन मालवीय की दूरदर्शिता थी कि देश में सबसे पहले मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मेटालर्जी, फार्मास्यूटिक्स में डिग्री क्लासेस शुरू हो सकी। पिछले साठ साल में देश में जो भी विकास हुआ उसमें 30 प्रतिशत योगदान हमारी संस्था के छात्रों का है। हम लोग महामना के प्रयासों से ही बेहतर सेवा देश को दे पा रहे हैं। बनारस इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना कर उन्होंने दुनिया को ऐसे इंजीनियर दिए जो विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। बाबू जगजीवन राम, मनोज सिन्हा जैसे नेता भी इसी इंस्टीट्यूट ने दिए। पूर्व छात्रों का कहना था कि इस इंस्टीट्यूट में पढ़ना गर्व का विषय था। जब भी इस इंस्टीट्यूट का ब्लेजर पहनकर बाजार में निकलते थे तो लोग पहचान लेते थे, कहते थे कि ये छात्र देश का भविष्य है। मार्च में एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता, उपाध्यक्ष मधु गर्ग, प्रोफेसर बीबी गर्ग, मधुप गर्ग समेत इस इंस्टीट्यूट के दो सौ से अधिक पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया।