नई दिल्ली। डीटीसी के बेड़े में जल्द ही एक हजार नई लो फ्लोर बसें शामिल होने वाली हैं। इन बसों की खरीद के लिए डीटीसी की ओर से शुक्रवार को टेंडर प्रक्रिया की शुरुआत कर दी गई है। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने इन नई बसों के जल्द डीटीसी के बेड़े में शामिल होने की घोषणा की है।
परिवहन मंत्री गहलोत ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि डीटीसी के बेड़े में जल्द नई एक हजार लो फ्लोर एसी बसों को लाने की कवायद शुरू हो गई है। इस प्रक्रिया के संबंध में प्री बिड मीटिंग एक अगस्त को दिल्ली के मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के नेतृत्व में बुलाई जाएगी। नई बसें जनवरी से आनी शुरू हो जाएंगी।
गौरतलब है 11 जुलाई को दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में एक हजार लो फ्लोर एसी बसों को शामिल करने के प्रस्ताव को दिल्ली कैबिनेट की बैठक में मंजूरी मिली थी। इसके साथ ही क्लस्टर स्कीम के तहत 650 लो फ्लोर एसी बसों की खरीद प्रक्रिया को भी कैबिनेट ने मंजूर किया था।