दोस्तों के साथ मुरादनगर नहर में नहाने गए युवक व किशोरी पानी के तेज बहाव में बह गए। मंदिर के गोताखोरों ने समय रहते किशोरी को किसी तरह बचा लिया, लेकिन युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से युवक की नहर में तलाश कर रही है।
दिल्ली मयूर विहार फेस तीन निवासी ई-रिक्शा चालक सन्नी (21)अपने दोस्त दीपू, काली, आशीष, सखी व निशा (16) के साथ मुरादनगर में नहर में नहाने गया था। सभी लोग सन्नी की ई-रिक्शा में बैठकर आये थे। रविवार शाम करीब पांच बजे गंगनहा प्राचीन शनि मंदिर गंगा घाट के पास नहाते समय सन्नी व निशा का पैर फिसल गया, दोनों गहरे पानी में डूबने लगे। खुद को डूबता देख दोनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर मौके पर मौजूद युवक व गोताखोरों ने दोनों को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। बताया जा रहा है कि करीब दो मीटर पीछा करके गोताखोरों ने किशोरी को बचाकर नहर से बाहर निकाला। जबकि सन्नी पानी के तेज बहाव में बह गया।
मंदिर के महंत मुकेश गोस्वामी ने बताया कि मंदिर के सेवादार गोातखोर युवक की तलाश में लगे हैं। गंभीर हालत में किशोरी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, किशोरी हालत सामान्य है। बताया जा रहा है कि सन्नी अपने दोस्तों के साथ नहर पर पिकनिक मनाने आया था। नहाने के बाद सभी को होटल में पार्टी के लिए जाना था, लेकिन इससे पहले ही यह हादसा हो गया। निशा दसवीं की छात्रा है। एसीपी ने बताया कि पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में बहे युवक की तलाश कर रही है।