द्वारका सेक्टर-23 इलाके में सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक को बारह गोलियां मारी गई हैं। शव के पास से पुलिस को दो संदिग्ध चिट्ठियां मिली है। जिसमें दावा किया गया है कि गलत काम करने वालों का यही अंजाम होता है। मरने वाले की शिनाख्त पोचनपुर निवासी विकास उर्फ विक्की के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कर दी है। विकास गुरुग्राम में अपने मौसेरे भाई के ट्यूशन सेंटर में लड़कियों को ट्यूशन पढ़ाता था। वह विद्यार्थियों को ओपन परीक्षा के माध्यम से डिग्री दिलाता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विकास को जिस तरह से दर्जनों गोली मारी गई है, उससे लगता है कि हमलावर किसी बड़े गिरोह से जुड़े थे।
अभी तक की जांच में पता चला है कि हमलावर ने हरियाणा नंबर की बाइक से आकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस को आशंका है कि यह सुपारी देकर हत्या करवाने का मामला भी हो सकता है। पुलिस विकास के फोन कॉल डिटेल्स की जांच कर सुराग तलाशने की कोशिश में जुट गई है।
गौरतलब है कि द्वारका सेक्टर-22 की लालबत्ती पर सोमवार रात कार से घर लौटने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने विकास पर गोली चला दी थी। हालांकि, परिवार विकास की किसी से दुश्मनी होने की बात से इंकार कर रहा है।
संदिग्ध चिट्ठी मिलने से मामला उलझा
जांच के दौरान पुलिस को विकास के शव के पास से दो चिट्ठी मिली है। चिट्ठी में लिखा है कि क्रांति सदा अमर रहे। इसमें राजेश कंडेला भारती गिरोह, शार्प शूटर सोनू उर्फ बाबा संजीत, उमेश डॉन और मन्नू के गिरोह का जिक्र है। पत्र में लिखा है कि हम अमन चाहते हैं, लेकिन अगर यह फैसला जंग से होता है तो जंग ही सही।
पत्र में दावा किया गया है कि उन लोगों ने गुरुग्राम में महेश और पप्पू को मारा था। 14 जुलाई को मानेसर में हेमंत को भी गोली मारी गई थी। हमारे लिस्ट में नशे का तस्कर, देशद्रोही, सट्टेबाज, कालाबाजारी करने वाले, काला धन कमाने वाले, सटोरियों, लड़की पर तेजाब फेंकने वाले, सामूहिक दुष्कर्म करने वाले, लालची डॉक्टर हैं। अगर वह समय पर सचेत नहीं होते तो उनका भी यही अंजाम होगा।