-दयालपुर इलाके की घटना, अज्ञात बदमाश ने घर के पास मारी गोली, रंजिश की वजह से गोली मारने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दयालपुर इलाके में शुक्रवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शिनाख्त गली नंबर सात बाबू नगर निवासी 24 साल के साजिद उर्फ आलू दादा के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि साजिद पर कई मामले दर्ज थे। पुलिस ने हत्या का केस कर जांच शुरू की है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की वजह से हत्या की आशंका है। पुलिस घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की मदद से हमलावर की पहचान करने में जुटी है।
उत्तर पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे दयालपुर थाना पुलिस को साजिद उर्फ आलू दादा को गोली मारने की जानकारी मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची तब तक परिवार वाले उसे पास के जीटीबी अस्पताल लेकर जा चुके थे। वहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि साजिद को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस को जांच में पता चला कि किसी अज्ञात बदमाश ने उसकी गोली मारकर हत्या की है।