रविवार को पुलिस ने मामले में तीन आरोपी पवन (24), शेखर उर्फ अपराधी (22) और कृष्णा उर्फ किस्सू (23) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल एक सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल, दो कारतूस व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि 8 जुलाई को न्यू उस्मानपुर इलाके में गोली चलने की खबर मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटना स्थल पर पीड़ित रवि प्रकाश मिला। उसने बताया कि पवन, कृष्णा व दो अन्य युवकों ने उस पर गोली चलाकर हमला किया है, वह बाल-बाल बच गया।
पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। अभी पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि 11 जुलाई को बदमाशों ने एक बार फिर रवि पर गोली चलाकर हमला कर दिया। इस बार गोली उसकी टांग में लगी। पीड़ित को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने दोबारा हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तीन आरोपी पवन, शेखर और कृष्णा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि रवि लगातार इनपर हमला कर इनसे रुपये मांगता था। परेशान होकर इन लोगों ने उसे रास्ते से हटाने की ठानी और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।