दिल्ली के मोती नगर इलाके में नाबालिग ने एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। चाकू मारने का बदला लेने के लिए दो नाबालिग दोस्त के साथ उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों को पकड़कर मामला सुलझाने का दावा किया है। मरने वाले की शिनाख्त जखीरा निवासी टॉनी के रूप में हुई थी।
पुलिस के मुताबकि, 16 जुलाई की रात पुलिस को सूचना मिली कि जखीरा के पास एक युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में कर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि घटना के दिन मृतक के साथ कुछ नाबालिग लड़कों को देखा गया था। इस आधार पर पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़कर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। एक आरोपी ने बताया कि टॉनी ने पिछले साल सितंबर माह में उसे चाकू मारकर जख्मी कर दिया था। चाकू लगने की वजह से नाबालिग का एक किडनी खराब हो गया। इसका बदला लेने के लिए वह टॉनी की हत्या करना चाहता था। 16 जुलाई को टॉनी को देखते ही तीनों नाबालिगों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से दर्जनों वार कर दिए। जिससे उसकी मौत हो गई।