सेक्टर दो स्थित सामुदायिक भवन में शुक्रवार रात आयोजित विवाह समारोह में डीजे बजाकर घर लौट रहे विजय निवासी बाबू कॉलोनी की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। हत्यारे उसका रक्तरंजित शव मुकेश कॉलोनी के पास सड़क किनारे फेक कर फरार हो गए। रात्रि गश्त कर रही पुलिस ने उसका शव देखा तो वारदात की जानकारी हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार तड़के गश्त कर रहे एएसआई समय सिंह ने मुकेश कॉलोनी में युवक का रक्तरंजित शव पड़ा पाया तो आला अधिकारियों को सूचना दी। मृतक के कपड़ों से मिली डायरी से उसकी पहचान विजय के रूप हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचित किया। पिता गिर्राज के मुताबिक विजय तिगांव रोड स्थित एक डीजे की दुकान में काम करता था। शुक्रवार को बुकिंग होने की वजह से विजय अपने दो साथियों के साथ सेक्टर-2 के सामुदायिक भवन में आयोजित एक समारोह में डीजे बजाने के लिए गया था।
गिर्राज के मुताबिक बेटा देर रात घर नहीं लौटा तो उन्होंने सोचा कि जैसा अक्सर होता है विजय दुकान चला गया और वहीं सो गया हो। मूल रूप से होडल के करमन गांव निवासी विजय फिलहाल बाबू कॉलोनी में अपने माता-पिता और परिवार के साथ रह रहा था। शरीर पर घाव के निशान से अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्या चाकू या किसी धारदार हथियार से की गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने हत्यारों का सुराग लगाने के लिए मौका मुआयना कर संदिग्ध चीजें इकट्ठा कीं। एसएचओ बल्लभगढ़ ने बताया कि विजय की हत्या किसने और क्यों की इसका पता लगाया जा रहा है, जल्द ही हत्यारे को पकड़ लिया जाएगा।
विजय के दोस्तों से मिल सकता है सुराग
जिस तरह से विजय की हत्या की गई उससे पुलिस को शक है कि हत्या उसका जानकार रहा होगा। हत्यारे को यह भी पता था कि विजय शुक्रवार को कहां है और रात को किस समय घर जाने के लिए निकलेगा। विजय के दो साथियों ने उसे कहां और क्यों छोड़ा पुलिस इसका भी पता लगाएगी। विजय की रात में कार्यक्रम के दौरान या फिर पिछले दिनों किसी से लड़ाई हुई थी पुलिस इसका भी पता लगा रही है।