दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में ठीक से बाइक चलाने की नसीहत देना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। बाइक चालक ने युवक के साथ मारपीट की और फिर उसे नाले में धक्का दे दिया। युवक को जब तक नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, उसकी मौत हो चुकी थी। युवक के साथी के बयान पर नजफगढ़ थाना पुलिस ने मारपीट और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना को अंजाम देकर फरार बाइक चालक की तलाश कर रही है।
घटना 15 अगस्त की है। मृतक की शिनाख्त उत्तम नगर निवासी अमित (28) के रूप में हुई है। अमित बिंदापुर स्थित एक कंपनी में काम करता था। अमित के साथ काम करने वाले दास गार्डन निवासी कौशल सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को अमित के अलावा चिंटू, आशीष और शिवम उनके यहां पार्टी करने आए थे। दोपहर में पार्टी करने के बाद आशीष और शिवम चले गए। जबकि कौशल, अमित और चिंटू को छोड़ने के लिए जा रहे थे। गंदा नाला के पास अमित लघुशंका करने लगा। इसी दौरान वहां से एक बाइक गुजरी। बाइक का हैंडल अमित की कोहनी पर लग गया। अमित ने बाइक चालक को गाली दी और बाइक ठीक से चलाने की नसीहत दी।