- 12 युवा तीन महीने तक जनकपुरी की जमीनी समस्याओं पर करेंगे काम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने बृहस्पतिवार को जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में यूथ फॉर गवर्नेंस पहल का शुभारंभ किया। यह गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से युवाओं को शासन से जोड़ने पहल है। इसके साथ ही मंत्री ने अपने जनकपुरी विधायक कार्यालय को सेवा केंद्र के रूप में रूपांतरित किया गया।
आशीष सूद ने कहा कि यूथ फॉर गवर्नेंस पहल के तहत 350 से अधिक आवेदनों में से चयन प्रक्रिया के बाद 12 उत्कृष्ट युवाओं को चुना गया ह। इन्हें स्पेशल 12 या बैच जीरो नाम दिया गया है। इस समूह में चिकित्सा और कानून के छात्र शामिल हैं। ये अगले 12 सप्ताह तक जनकपुरी की प्रमुख शहरी समस्याओं पर कार्य करेंगे। इनके कार्यों में पंखा रोड पर स्वच्छता ऑडिट, अंधेरे क्षेत्रों की पहचान कर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जैसे जमीनी मुद्दे शामिल हैं। मंत्री ने पहले बैच के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की शासन व्यवस्था में एक वैचारिक परिवर्तन हो रहा है, जहां सत्ता की जगह सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके तहत राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्य पथ किया गया और प्रधानमंत्री कार्यालय को सेवा तीर्थ की भावना से जोड़ा गया। अब इसी तरह विधायक कार्यालय भी जनता की सेवा का केंद्र हो गया। स्पेशल 12 नागरिकों और सरकार के बीच सेतु बनेंगे।