आठ बजे शराब पीकर साथी के साथ जा रहा था बिरजू
जानकारी के मुताबिक मूलत: बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बिरजू रोहिणी सेक्टर-32 स्थित निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी करता था। वह अपने अन्य साथियों के साथ निर्माणाधीन स्थल पर ही रहता था। मंगलवार को सूरज बेगमपुर थाना पुलिस को बताया कि वह सोमवार रात बिरजू के साथ रात करीब आठ बजे शराब पीकर निर्माणाधीन साइट पर आ रहा था। वह आगे आगे चल रहा था जबकि उसके पीछे बिरजू आ रहा था।
सूरज ने ठेकेदार को बताया बिरजू का अपहरण हो गया
साइट पर पहुंचने पर उसने बिरजू को गायब पाया। साइट पर मौजूद ठेकेदार ने उससे बिरजू के बारे में पूछताछ की। सूरज ने पहले उसके अपहरण की बात बताई। बाद में उसने बताया कि शायद वह नाले में गिर गया है। उसके बाद सभी मजदूर नाले के पास पहुंचे, काफी तलाश के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार दोपहर इसकी जानकारी बेगमपुर थाना पुलिस को दी गई। शाम करीब चार बजे दमकल विभाग को सूचना दी गई। उसके बाद नाले में मशीन लगाकर पानी को निकालने का काम शुरू किया गया।
छह फुट गहरा था नाला
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने नाले से युवक के शव को निकाल लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला करीब छह फुट गहरा है। कुछ माह पहले ही डीडीए ने नाले का निर्माण करवाया है। लोगों ने बताया कि इस नाले पर कई जगहों पर स्लैब रखे हुए हैं तो कई जगहों पर स्लैब गायब हैं। लोगों ने बताया कि नाले पर स्लैब होता तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने बिरजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोहिणी जिला के अतरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि बेगमपुर थाना पुलिस को दोपहर 2.36 में युवक के लापता होने की जानकारी मिली। मजदूरों ने बताया कि वह रात में शराब का सेवन किया था। शाम करीब 7.30 बजे बिरजू गायब हो गया। सूरज ने बताया कि उसने रात में किसी को नहीं बताया क्योंकि वह नशे में था और दोपहर में होश में आते ही उसने इसकी जानकारी दी। पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्लैब रखने का काम शुरू
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही डीडीए के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत स्लैब मंगवाकर खुले नालों को ढकने के काम शुरू कर दिया। लोगों ने बताया कि नाला ढंका होता तो युवक की जान बच जाती। घटना के बाद तीन सौ मीटर तक पुलिस बैरिकेड लगाकर उस रास्ते को बंद कर दिया गया है।