दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-32 इलाके में सड़क के साथ बने डीडीए के खुले पड़े नाले गिरने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त 23 साल के बिरजू के रूप में हुई है। उसके दोस्त सूरज ने मंगलवार को बेगमपुर थाना पुलिस को बताया कि सोमवार रात दोनों दोस्त नशे में आ रहे थे। इस दौरान उसका दोस्त बिरजू गायब हो गया। साथ ही उसने उसके नाले में गिरने की आशंका भी जताई। इस सूचना पर पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी। दमकल कर्मियों ने करीब चार घंटे की तलाशी के बाद बिरजू के शव को नाले से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूरज से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
छह फुट गहरा था नाला
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने नाले से युवक के शव को निकाल लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला करीब छह फुट गहरा है। कुछ माह पहले ही डीडीए ने नाले का निर्माण करवाया है। लोगों ने बताया कि इस नाले पर कई जगहों पर स्लैब रखे हुए हैं तो कई जगहों पर स्लैब गायब हैं। लोगों ने बताया कि नाले पर स्लैब होता तो उसकी जान बच सकती थी। पुलिस ने बिरजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोहिणी जिला के अतरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि बेगमपुर थाना पुलिस को दोपहर 2.36 में युवक के लापता होने की जानकारी मिली। मजदूरों ने बताया कि वह रात में शराब का सेवन किया था। शाम करीब 7.30 बजे बिरजू गायब हो गया। सूरज ने बताया कि उसने रात में किसी को नहीं बताया क्योंकि वह नशे में था और दोपहर में होश में आते ही उसने इसकी जानकारी दी। पुलिस लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।