नूंह। इंडरी उप तहसील के गांव आटा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में महिलाएं धरने पर बैठ गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गांव निवासी जितेंद्र (19) पुत्र सुखबीर ने 28 जून को कथित रूप से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे इलाज के लिए सीएचसी सोहना में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को रोजका मेव थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मामले को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र और पड़ोस की एक शादीशुदा युवती के बीच दोस्ती थी, जिसे कुछ लोग प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक पक्ष की बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर उतर आईं और धरने पर बैठकर निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग करने लगीं। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की तरफ से शक के आधार पर शिकायत दी गई है, जिसकी जांच की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है।