नूंह। उपमंडल क्षेत्र के इंडरी में सोमवार दोपहर बाद आई तेज आंधी ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं बिजली व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण आलदोका फीडर की कुर्थला गांव की बिजली लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे करीब 10 बिजली के खंभे गिर गए और कुरथला गांव सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार जिले में पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिससे आमजन काफी परेशान थे। सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में बादल छा गए। इससे लोगों ने राहत महसूस की, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज आंधी शुरू हो गई। आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और बिजली लाइनों पर गिर पड़े। इसी दौरान आलदोका कुर्थला मार्ग पर बिजली निगम के 10 खंभे एक के बाद एक गिर गए।
विज्ञापन
गनीमत यह रही कि जिस समय खंभे गिरे उस दौरान सड़क पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र की बिजली पूरी तरह बंद हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ता प्रभावित हुए।
बिजली निगम के लाइनमैन सुखवीर और नेतरपाल ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त लाइन का सर्वे किया और अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी। बिजली निगम नूंह के एसडीओ अमित यादव ने बताया कि आंधी के कारण 10 खंभे गिर गए हैं, जिसके चलते रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। मंगलवार सुबह मरम्मत कार्य शुरू कर जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।