कोटला मुबारकपुर इलाके में अंग्रेजी बोलने पर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। स्थानीय युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर सिर फोड़ दिया। बेहोश युवक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण जिला डीसीपी विजय कुमार के अनुसार, सोमवार रात 2.32 बजे सुभाष गली में झगड़ा हो गया था। घायल प्रणय प्रधान को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रणय प्रधान बेहोश होने के कारण बयान देने की हालत में नहीं है।
पुलिस को उसके दोस्त नितेश, गणेश, लक्ष्मी व लीना ने बताया कि वह सभी दोस्त की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रहे थे। सुभाष गली काफी संकरी है। वह वहां से गुजरे तो योगेश उर्फ जुडी, सौरभ उर्फ नाल्ला और विशाल शराब पी रहे थे।
वहां से निकलने में परेशानी हुई तो नितेश ने विरोध किया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। नितेश के दोस्त अंग्रेजी में बोलने लगे तो आरोपियों ने इसका विरोध किया। धक्का-मुक्की में लीना नीचे गिर गई।
एक आरोपी ने लकड़ी का फट्टा उठाकर प्रणय प्रधान के सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया था। कोटला मुबारकपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार नेगी की टीम ने दो आरोपी योगेश व सौरभ को गिरफ्तार कर लिया।
विशाल की तलाश की जा रही है। घायल प्रणय दार्जिलिंग का रहने वाला है और दिल्ली में एक रेस्टोरेंट में काम करता है। नितेश, गणेश व लीना भी दार्जिलिंग की रहने वाली है। लक्ष्मी नेपाल की रहने वाली है।