प्रेम नगर इलाके में शनिवार शाम एक दुकानदार ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर चोरी के शक में एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी दुकानदार अमित की मेन मुबारकपुरा रोड प्रेमनगर में ऑटो पार्ट की दुकान है। तीन दिन पहले उसकी दुकान से एक मोबाइल फोन चोरी हो गया था। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करने पर एक संदिग्ध युवक दिखा। शनिवार को कैमरे में दिख रहा संदिग्ध युवक उसे अपनी दुकान के पास दिखा।
अमित और उसके कर्मचारियों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की। घबराकर युवक एक अन्य दुकान में घुस गया। वहां से पकड़कर अमित ने उससे मोबाइल फोन के बारे में पूछताछ की। युवक ने फोन चुराने से मना कर दिया। इस पर अमित उसे पकड़कर अपनी दुकान में ले आया और कर्मचारियों के साथ मिलकर जमकर पिटाई की। इसी बीच युवक की तबियत खराब हो गई।
अमित व उसके कर्मचारियों ने उसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शरीर पर चोट के निशान देखकर डॉक्टरों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने छानबीन करने के बाद मामला दर्ज कर अमित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को भी कब्जे में कर लिया है। मृत युवक की उम्र करीब 20 से 25 साल है।