अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर स्थित कर्दमपुरी इलाके में गर्लफ्रेंड से मिलने आने को लेकर हुए विवाद में एक युवक और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में रहमान (19) और उसका दोस्त हुसैन (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां रहमान की हालत नाजुक बताई जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दो युवकों को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को पहले ही अस्पताल ले जाया जा चुका था। जांच में पता चला कि रहमान कर्दमपुरी में अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने आता था। स्थानीय युवक साजिद को यह बात पसंद नहीं थी और वह उसे कई बार इलाके में आने से मना कर चुका था। मंगलवार को रहमान, हुसैन और एक अन्य युवक आमिर साजिद से बात करने पहुंचे। बातचीत के दौरान रहमान द्वारा साजिद को थप्पड़ मारने के बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि साजिद ने अपने साथियों को बुलाकर रहमान और हुसैन पर चाकू से हमला करवा दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। देर रात फरदीन (19) और काशिफ (19) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बुधवार को तीन नाबालिगों को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी साजिद समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।