नोट: खबर रायबरेली, यूपी और सोनीपत हरियाणा के लिए भी उपयोगी है
-उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी की वारदात, दोपहर के समय युवती की बहन घर पहुंची तो वारदात का पता चला
-आरोपी बृहस्पतिवार सुबह के समय ही पंजाब के सारण से आया था दिल्ली
-प्रेमी प्रसंग का मामला आया सामने, युवक ने आखिरी लाेकेशन बहन काे भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में बृहस्पतिवार एक युवक ने युवती शिवांगिनी (26) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी निखिल (26) ने पिस्टल से अपनी कनपटी पर गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पड़ोसियों ने गोली चलने की आवाज भी सुनी, लेकिन उनको पता नहीं चल पाया कि आवाज कहां से आई। दोपहर में शिवांगिनी की बहन जब फ्लैट पर पहुंची तो उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद पाया। मकान मालिक और बाकी पड़ोसियों की मदद से किसी तरह दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर दोनों की खून से लथपथ लाश मिली। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा। क्राइम टीम व एफएसएल टीम भी माैके पर पहुंंची। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि शिवांगिनी निखिल से अपना रिश्ता खत्म करना चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। निखिल ने इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि मूलरूप से रायबरेली, उत्तर-प्रदेश की रहने वाली शिवांगिनी अपनी बहन निशांगिनी (21) के साथ ए-ब्लॉक, गली नंबर-12-13, कमलपुर, बुराड़ी में तीसरी मंजिल के फ्लैट में किराये पर रहती थी। शिवांगिनी एनआईसी में प्राइवेट नौकरी करती थी। इसकी बहन निशांगिनी बुराड़ी के एक निजी स्कूल में टीचर है।
वहीं मूलरूप से गांव पिनाना, सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला निखिल परिवार के साथ सारण, पंजाब में रह रहा था। इसके परिवार में मां व दो बहनें हैं। निखिल पहले दिल्ली में रहकर डीडीए में कॉन्ट्रेक्ट पर नौकरी करता था। पिछले काफी समय से निखिल बेरोजगार था। इसी बात पर शिवांगिनी और निखिल के बीच अनबन थी। बांठिया ने बताया कि पिछले करीब 6 माह से शिवांगिनी और निखिल की एक दूसरे से दोस्ती थी। अब शिवांगिनी निखिल से रिश्ता खत्म करना चाहती थी। बृहस्पतिवार को वह अपने कमरे पर मौजूद थी। बहन स्कूल गई थी। इस बीच निखिल वहां पहुंचा और उसने वारदात को अंजाम दिया। दोपहर 3 बजे बहन घर पहुंची तो वारदात को पता चला। पुलिस को मृतकों के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला कि निखिल ने वारदात से पहले अपनी लाइव लोकेशन और आखिरी मैसेज होने की बात अपनी बहन के मोबाइल पर भेजी थी। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।