अरविंद केजरीवाल जी मैं 24 साल का नौजवान हूं। एक कंपनी में नौकरी करने के दौरान एक महिला से मुझे प्रेम हुआ।
उसने भी खुद को मुझे सौंप दिया। लेकिन शादी करने की नौबत आने पर पता चला कि वह शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी था।
केजरीवाल जी उसने मुझे धोखा दिया और मेरी जिंदगी को उजाड़ दिया। मैं आत्महत्या करना चाहता हूं। या तो मुझे न्याय मिले या फिर आप मुझे राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की इजाजत दिलवाएं।
बुलंदशहर का है गुहार लगाने वाला
यह पत्र उत्तर-प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले एक शख्स ने आम आदमी पार्टी के कौशांबी कार्यालय में भेजा है।
आम आदमी पार्टी के मुख्यालय में रोज दस से पंद्रह ऐसे पत्र आ रहे हैं, जिनमें से पचास फीसदी पत्र निजी शिकायतों के हैं। इसी तरह दिल्ली के गोविंदपुरी से एक महिला ने पत्र भेजा।
जिसमें बहू और बेटे पर साजिश करने की बात कही गई। महिला ने लिखा कि उसके बहू-बेटे उसके तीन सौ गज के प्लॉट के लिए मरवाने की साजिश रच रहे हैं।
'केजरीवाल जी मेरी बेटी की शादी करा दीजिए'
पंजाब से आए एक पत्र में महिला ने अपने बेरोजगार पति की आदतों से तंग आने की शिकायत की है।
केजरीवाल से अपनी 25 वर्षीय बेटी की शादी के लिए मदद करने की अपील भी की है।
गौरतलब है कि, आप ने भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए एक लेटर सेल बनाया था। सेल के इंचार्ज के शशि ने बताया कि इन शिकायतों को अलग रखा जा रहा है और कुछ मामलों को सुलझाया भी गया है।