जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि अपने परिवार के साथ अर्जुन कैंप इलाके में रहने वाला सन्नी (24) एक होटल में सफाई कर्मी का काम करता था। उसके परिवार में मां, पिता, भाई और बहन शामिल हैं। सन्नी की पड़ोसी ममता ने बताया कि सन्नी और उसकी मां मंगलवार शाम को दोनों साथ नौकरी से घर लौटे थे। सन्नी की मां अपने घर के बाहर बैठीं ममता से बात करने के लिए उसके घर के बाहर रूक गईं, जबकि सन्नी अपने घर के बाहर खड़ा हो गया। इसी दौरान सन्नी के घर के सामने रहने वाले राहुल, राज कुमार और रवि वहां आ गए।
राहुल और रवि दोनों भाइयों ने सन्नी से झगड़ा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मारपीट कर उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने चार से छह वार किए। सन्नी की मां ने सन्नी को आरोपियों से बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसकी मां के साथ भी मारपीट की। आरोपियों के जाने के बाद सन्नी के परिजन उसे स्पाइनल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सन्नी की बहन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दो दिन पहले छोटे भाई को पीटा था
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों ने दो दिन पहले सन्नी के भाई प्रदीप की भी पिटाई की थी। आरोपियों ने प्रदीप को अकेला देखकर उसे रोका और फिर उसकी जमकर पिटाई की। हालांकि इस दौरान वहां भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों के बीच बचाव करने पर आरोपी वहां से चले गए। जिसकी सूचना प्रदीप और उसके परिजनों ने पुलिस को दी थी।