एक ही चुन्नी से लटके हुए थे दोनों के शव
पुलिस के अनुसार रविवार शाम चार बजे नजफगढ़ थाना पुलिस को अर्जुन पार्क में एक लड़के और लड़की के फांसी लगाए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना इमारत की तीसरी मंजिल पर हुई थी। पुलिस ने देखा कि कमरे में जाने का एक रास्ता है, जिस पर लोहे का दरवाजा लगा हुआ था। दरवाजे को मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तोड़ा था। दमकल कर्मियों ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। दोनों 16 साल का लड़का लड़की चुन्नी की मदद से पंखे से लटके मिले। उन्होंने दोनों को नीचे उतार लिया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
दोनों परिवार के बीच हुआ था विवाद
पुलिस ने लड़के के परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही लड़के के पिता और परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंच गए। पुलिस ने दोनों परिवार वालों से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक परिवार वालों से पता चला कि इनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस वजह से दोनों परिवार के बीच विवाद हुआ था। मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया था, लेकिन बाद में आपसी समझौते से इसे सुलझा लिया गया।
अंदर से था कमरा बंद
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि शवों की जांच में दोनों के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं थी। डॉक्टर ने भी प्राथमिक रिपोर्ट में फांसी की बात कही है। इसके साथ ही दोनों ने जिस कमरे में खुदकुशी की है, वह अंदर से बंद था। इससे प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का है, हालांकि पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पिता ने लगाया बेटे की हत्या करने का आरोप
मृत लड़के के पिता ने लड़की के परिवार वालों पर बेटे को बुलाकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि दोनों परिवारों में विवाद के बाद समझौता के दौरान लड़की के चाचा ने एक साल के भीतर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि लड़की वालों ने धमकी के मुताबिक उसकी हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि वह मूलत: यूपी के रहने वाले हैं, जबकि लड़की के परिवार वाले राजस्थान के रहने वाले हैं। उनके तीन बच्चे हैं और वह प्लंबर का काम करते हैं। पिता ने बताया कि दोनों बच्चे रिलेशन में थे।