वेलकम इलाके में पिटाई का बदला लेने के लिए 16 साल के नाबालिग ने एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक वारदात के समय दोस्त के साथ पार्क में गेम खेल रहा था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर चाकू बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने खुलासा किया कि युवक ने दोस्तों के साथ मिलकर तीन दिन पहले उसकी पिटाई कर दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने हत्या की। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की शिनाख्त शोएब (19) के रूप में हुई। वह परिवार के साथ वेलकम के फोटो चौक पर रहता था। परिवार में पिता अमीद हुसैन, मां शिवाबानो और भाई समीर व एक बहन है। शोएब 12वीं के बाद ऑनलाइन नेटवर्किंग का कोर्स कर रहा था। बृहस्पतिवार रात वह कोचिंग क्लास के बाद दोस्त के साथ पार्क में मोबाइल पर गेम खेल रहा था। उसी समय वहां एक नाबालिग आया और उसने शोएब के दोस्त को अपनी तरफ बुलाया। शोएब ने इसका कारण पूछा।
इसी दौरान नाबालिग ने चाकू निकालकर शोएब पर हमला कर दिया। दोस्त घायल शोएब को अस्पताल में ले गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन में पता चला कि शोएब के ही इलाके में रहने वाले नाबालिग ने उस पर हमला किया। पुलिस ने देर रात उसे पकड़ लिया।