- नारायणा इलाके की घटना, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दे रही है दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नारायणा गांव इलाके में शनिवार रात पापा कहने का दबाव बनाने पर हुई कहासुनी में 18 साल के युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त नारायणा गांव निवासी सुमित के रूप में हुई है। झगड़े के दौरान बीच बचाव करने के दौरान एक अन्य युवक सरगम भी मामूली रूप से घायल हो गया। नारायणा थाना पुलिस ने चश्मदीद के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि शनिवार रात 9.30 बजे डीडीयू अस्पताल से नारायणा थाना पुलिस को इस बारे में जानकारी मिली। अस्पताल में पुलिस को पता चला कि डॉक्टरों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी अमन और उसका दोस्त बाइक से पायल सिनेमा के पास आए थे। जहां से वह नारायणा गांव जा रहे थे। रास्ते में उन्हें उनके जान-पहचान वाले सुमित गिरि और अनिल सिंह का बेटा अमन मिला। बातचीत के दौरान अनिल सिंह के बेटे अमन ने मजाक में नरसिंह से खुद को पापा कहने को कहा। इस बात पर नरसिंह का दोस्त अमन भड़क गया और उसने चाकू निकालकर उसे धमकाना शुरू कर दिया।
अनिल सिंह के बेटे अमन के दोस्त सुमित ने इसका विरोध किया। सुमित और आरोपी अमन के बीच बहस हो गई। इसी दौरान उनका एक दोस्त सरगम भी आ गया और झगड़ा शांत करने लगा। कहासुनी के दौरान अमन ने चाकू से सुमित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव में सरगम को भी चोटें आईं। आरोपी ने अपने छोटे भाई को मौके पर बुला लिया जिसने लहूलुहान सुमित को मारा। अनिल सिंह के बेटे अमन ने सुमित के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने सुमित को डीडीयू अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अमन के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।