कस्बे में सोमवार से शुरू हुए द्रोण मेले के पहले दिन देर शाम एक युवक को पुलिस ने मेला परिसर में बाइक लेकर जाने से रोक दिया। इस पर युवक ने पुलिसकर्मी से गाली गलौच की और दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया। बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक को पकड़ा। पुलिस ने आरोपी को चाकू समेत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने दरोगा को थप्पड़ मारने की बात से इनकार किया है।
दरअसल, कस्बे में सोमवार को द्रोण मेले का उद्घाटन हुआ था। मेले की सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस समेत आसपास के थानों की पुलिस तैनात की गई है। सोमवार देर शाम एक युवक बाइक मेला परिसर में लेकर जाने लगा। युवक को गेट पर तैनात पुलिसकर्मी ने बाइक अंदर लेकर जाने से रोका, जिससे गुस्साए युवक ने पुलिसकर्मी से अभद्रता शुरू कर दी।
विवाद होते देख परिसर में बनी चौकी पर बैठे एक दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी गेट पर आ गए। दरोगा ने युवक को बाइक लेकर वहां से जाने को कहा, इस पर युवक ने दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया।
बाद में अन्य पुलिसकर्मियों ने युवक को दबोच लिया। आरोपी की पहचान सोनू निवासी पीरवाला मोहल्ला के रूप में हुई है। सीओ द्वितीय पीयूष कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को मेला परिसर में चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया है। दरोगा को थप्पड़ मारने की बात झूठी है।