परिजन के मुताबिक, दो साल पहले ऋषभ ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह रायपुर बांगर गांव के पास लाल बिल्डिंग फ्लैट में किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। इन दिनों कुछ काम नहीं होने के कारण बेरोजगार था। इस कारण पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। बुधवार रात खाना खाने के बाद पति और पत्नी दोनों सोने के लिए चले गए थे। रात करीब ढाई बजे उसने फ्लैट के बाहर जाकर पिस्टल से खुद के सिर में गोली मार ली।
घटना के वक्त उसकी पत्नी फ्लैट के अंदर सो रही थी। गोली की आवाज और हंगामा सुनकर वह बाहर आई तो पति को खून से लथपथ देखा। कुछ देर बाद पड़ोस के लोग बाहर आए, तो देखा कि युवक जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। परिजन आनन-फानन उसे ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं मौके से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। जिस पिस्टल से युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की वह अवैध थी। पुलिस के अनुसार ऋषभ बीते कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव से जूझ रहा था।
माता-पिता की हो चुकी है मौत
मृतक की मां और पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि युवक पहले किसी मामले में जेल जा चुका था। पुलिस की ओर से इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई। पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद से ही मौत की वजह और पिस्टल की प्रकृति को लेकर सही जानकारी सामने आ सकेगी।