उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में शनिवार सुबह दोस्ती का विरोध करने पर एक सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर चाकू से वार कर प्रेमिका के पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर में रखे दोनों मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
मृतक की शिनाख्त बिरेंद्र सिंह उर्फ पप्पू (50) के रूप में हुई है। बिरेंद्र की पत्नी जब पूजा कर मंदिर से लौटी तो वारदात की जानकारी हुई। आरोपी उस समय गेट से बाहर निकल रहा था। पीड़िता की शिकायत पर खजूरी खास थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बिरेंद्र परिवार के साथ पॉकेट-5, डी-ब्लॉक, सोनिया विहार में रहता था। परिवार में पत्नी लक्ष्मी के अलावा एक बेटी गंगा थी। बिरेंद्र का घर में ही बैग सीने का काम था। परिजनों ने बताया कि शादी के काफी समय तक बिरेंद्र की पत्नी को बच्चा नहीं हुआ तो उसने अपने बड़े भाई रामपाल की बेटी गंगा को गोद ले लिया।
लक्ष्मी ने गंगा को पाला था। गंगा सातवीं कक्षा तक पढ़ी लिखी थी। पिछले कुछ समय से गंगा की दोस्ती इलाके की ही रहने वाले सूरज नामक युवक से हो गई। दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। बिरेंद्र को बेटी की दोस्ती का पता चला तो उसने उसका सूरज से मिलना-जुलना बंद करवा दिया। लेकिन इसके बाद भी सूरज गंगा से फोन पर बातचीत करने लगा।