दोस्त के साथ उसकी रिश्तेदारी में गए एक युवक की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। उसकी लाश खेत में पड़ी मिली। पीड़ित भाई ने उसके दोस्त पर ही वारदात को अंजाम देने की आशंका जताते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी दोस्त अभी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि, रामपुर बांगर गांव निवासी सत्यपाल और जाहिद दोनों दोस्त हैं। 30 नवंबर की सुबह जाहिद सत्यपाल के घर पहुंचा और उसे रिश्तेदारी में चलने की बात कह बाइक पर बैठाकर ले गया। पुलिस ने बताया कि दोनों शराब के आदी थे और इसी कारण उनकी गहरी छनती थी। सोमवार देर शाम आसपास के लोगों ने दोनों को एक साथ गांव के बाहर बैठे देखा था, लेकिन रात में दोनों में से कोई घर नहीं पहुंचा।
सुबह लोग जब टहलने के लिए खेत की ओर निकले तो किसी ने सत्यपाल के मृत पड़े होने की सूचना उसके परिजनों को दी। सत्यपाल के परिजन मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की तो पास में ही उसके दोस्त की बाइक भी जली हुई अवस्था में मिली।
पुलिस ने बताया कि युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है, इससे प्रतीत होता है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई होगी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। जाहिद घटना के बाद से ही फरार है।