नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक दोस्त ने मोबाइल फोन के लिए अपने दोस्त का कत्ल कर दिया। लेकिन एक सप्ताह बाद ही उसकी पोल खुल गई। पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान रोमन कुमार (22) के रूप में हुई है।
आरोपी के पास से मृतक रामू कुमार (25) का मोबाइल फोन भी बरामद हो गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। शुरूआती जांच के बाद आरोपी ने खुलासा किया है कि उसके पास साधारण फोन था।
उसे स्मार्ट फोन की जरूरत थी। इसीलिए उसने महंगा स्मार्ट फोन लूटने के लिए अपने दोस्त की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक 23 जुलाई सुबह को नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस को एक युवक का शव बरामद हुआ।
काफी प्रयासों के बाद 24 जुलाई को मृतक की पहचान लखीमपुर खीरी, यूपी निवासी रामू कुमार के रूप में हुई। रामू अपने जीजा के भाई मुनेश के साथ नरेला इलाके में रहता था।