20 दिन पहले ही पिता बना था मृतक, कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। शिव कॉलोनी में रविवार रात एक युवक ने आत्महत्या कर ली है। वह बीते कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने सोमवार को मृतक अमन के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अमन ने रविवार रात करीब 9.30 बजे घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में लगे पंखे में पत्नी के दुपट्टे का एक सिरा बांधकर फंदा तैयार किया था। मां नूंह के इंद्री गांव में निजी स्कूल चलाती हैं। अमन भी उसी स्कूल में पढ़ाता था। उसकी शादी इसी साल फरवरी महीने में हुई थी और 20 दिन पहले ही पत्नी ने बेटी को जन्म दिया था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि तनाव के कारण के बारे में अमन ने परिवार के किसी सदस्य को कुछ नहीं बताया था। उसके कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। अभी आत्महत्या के सही कारणों का पता नहीं चल सका है।