ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में अलग-अलग जगह घरेलू कलह से तंग दो युवकों ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। बुरी तरह झुलसे एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक रीलखा निवासी लीलू (22) का बृहस्पतिवार को किसी बात पर पत्नी से विवाद हो गया। इसके चलते लीलू ने अपने ऊपर केरोसिन का तेल डालकर आग लगा ली। लीलू के चिल्लाने पर परिजन और ग्रामीण वहां पहुंचे और आग बुझाई। बुरी तरह झुलसे लीलू को दनकौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे दिल्ली के अर्बन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शनिवार सुबह इलाज के दौरान लीलू ने दम तोड़ दिया।
वहीं शनिवार सुबह दनकौर कस्बा निवासी प्रेम (23) ने खुद को आग लगा ली। प्रेम के चिल्लाने पर पहुंचे लोगों ने आग को बुझाया। प्रेम को ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।