देश की राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज के महिपालपुर इलाके में स्थित एक होटल में युवती को बुलाकर युवक ने उस पर हथौडे़ से कई वार कर दिए। होटल के स्टाफ ने आरोपी युवक को पकड़कर वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती हमलावर युवक से दोस्ती आगे नहीं रखना चाहती थी। इस ब्रेकअप से युवक नाराज था। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी देवेन्द्र आर्य के अनुसार, आरोपी का नाम निशांत (24) है और वह पालिका आवास, सरोजनी नगर में रहता है। उसके पिता शिक्षक हैं। निशांत ने पत्रकारिता में डिप्लोमा किया हुआ है और फोटोग्राफर है।
उसकी आरके पुरम में रहने वाली एक युवती से आठ वर्ष से दोस्ती थी। कुछ दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। युवती आरोपी से दूरियां बना रही थी। इस बात से युवक नाराज था।