टेलीग्राम एप के जरिए युवती को भेजे मैसेज, शिकायत पर बर्बाद करने की धमकी दी
कविनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती सिरफिरे युवक की हरकतों से परेशान है। वह युवती पर टेलीग्राम एप के जरिए अश्लील चैट करने का दबाव बना रहा है। पैसे की डिमांड करता है और शिकायत करने पर उसे बर्बाद करने की धमकी दे रहा है। आरोपी से तंग आकर पीड़िता ने कविनगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
कभी अश्लील चैट तो कभी पैसों की डिमांड कर रहा सिरफिरा
कविनगर थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती सरकारी नौकरी के लिए परीक्षा की तैयारी कर रही है। उसका कहना है कि वह एक टेलीग्राम ग्रुप पर जुड़ी है। इसी ग्रुप से आरोपी ने उसकी जानकारी जुटाकर 7 मई को टेलीग्राम एप के जरिए उसे मैसेज भेजा। मैसेज पढ़ाई संबंधी था। जिसका उसने जवाब भी दे दिया। इसके बाद आरोपी ने 17 मई को उसे दूसरा मैसेज भेजा। जिसे पढ़कर युवती सकते में आ गई। आरोपी ने उसे अश्लील मैसेज भेजने के साथ ही सैक्स चैट करने का दबाव बनाया।
पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी कविनगर पुलिस
बात न मानने पर आरोपी ने उसका मोबाइल हैक कर उसकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे पैसों की भी डिमांड रखी। आरोपी की हरकतें बढ़ने पर युवती ने अपने परिजनों को मामले की जानकारी दी। जिसके बाद युवती ने अपने भाई की मदद से कविनगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। एसएचओ कविनगर मोहम्मद असलम का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।