फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में लड़कियों, महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कस रहे मनचलों से एक बहादुर बेटी भिड़ गई। सबक सिखा रही युवती के तेवर देख हाथापाई कर रहा मनचला और उसके दो साथी भाग निकले लेकिन एक को उसने दबोच लिया।
तमाशबीन बनी भीड़ को युवती ने ललकारा, धिक्कारा तब कुछ लोग मदद को आगे बढ़े। सूचना के करीब 15-20 मिनट बाद मौके पर पहुंची पुलिस पकड़े गए युवक से मुख्य आरोपी के बारे में पूछताछ कर रही है।
चावला कॉलोनी निवासी पूनम मित्तल गुड़गांव स्थित एक मल्टी नेशनल कंपनी में सेल्स सपोर्ट कॉर्डिनेशन एक्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वह कंपनी की कैब पकड़ने के लिए घर से बल्लभगढ़ नहर की ओर पैदल जा रही थीं।
हनुमान मंदिर के पास स्थित चाय की दुकान पर बैठे चार लड़कों ने उन पर अश्लील जुमले कस दिए। इससे गुस्साकर उन्होंने एक मनचले को थप्पड़ जड़ दिया। मनचला भी उनसे भिड़ गया। अन्य साथी गालियां देते हुए उससे लड़की को पीटने के लिए कहने लगे।