हाल ही में सपा के मुखिया मुलायम सिंह यादव और अबू आजमी की ओर से दुष्कर्म पर दिए गए विवादास्पद बयानों का देश भर में विरोध हो रहा है।
लेकिन रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर पर लोगों ने विरोध का नया तरीका अपनाया और रंगों के माध्यम से बयान पर आक्रोश व्यक्त किया।
साठ मीटर लंबे कपड़े पर लाइव पेंटिंग बनाकर अपने तरीके से नेताओं को कोसा। साथ ही बयानों के खिलाफ कूची और रंगों से रोष को प्रदर्शित किया गया।
सपा को वोट न देने की मांग
फ्लेवर ऑफ आर्ट संगठन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शनी में सपा नेता मुलायम सिंह यादव और अबू आजमी के खिलाफ आम लोगों ने भी
पेंटिंग बनाई। पेंटिंग में आम चुनावों में सपा को वोट न देने की मांग भी की गई। दोनों नेताओं के बयानों को शर्मनाक बता रहे लोगों ने कपड़े पर रंगों से नारे लिखे और इसके लिए सजा की मांग की।
इस दौरान डीयू के कॉलेज ऑफ आर्ट के छात्रों ने तरह-तरह की कलाकृतियां बनाकर बलात्कारियों को बचाने और महिलाओं के खिलाफ दिए गए इन बयानों का विरोध किया।
बाबा साहब अंबेडकर को याद किया
डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्म दिन से एक दिन पहले लोगों ने उन्हें याद किया। बाबा साहब की लाइव पेंटिंग बनाकर लोगों ने श्रद्धांजलि दी।
हेल्थ एजुकेशन एंड इनवायरमेंट अवेयरनेस सोसाइटी के बैनर तले फाइन आर्ट के छात्रों ने बाबा साहब की तस्वीरें बनाई।
बीस मीटर लंबे कपडे़ पर युवाओं ने अंबेडकर और ज्योतिबा फूले की तस्वीरें उकेरी। इस दौरान चंदर प्रकाश सैनी, प्रीति राय, राजेश, सुनील, रविकांत, दीपक, प्रीति, महताब आलम आदि मौजूद रहे।