अगर आप नई गाड़ी खरीदने जा रहे है और उसके लिए वीआईपी नंबर की चाहत में नीलामी में शामिल होना है तो फिलहाल आपको इंतजार करना होगा। परिवहन विभाग की वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन बोली लगाने वाली वेबसाइट का अपग्रेडेशन किया जा रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारियों की माने तो यह अगले एक पखवाड़े के भीतर हो जाएगा। फिर वीआईपी नंबरों की नीलामी शुरू कर दी जाएगी।
दिल्ली में वीआईपी नंबरों की नीलामी होती है। परिवहन विभाग के पास पांच लाख से लेकर 20 हजार रुपये तक के न्यूनतम कीमत वाले नंबर उपलब्ध हैं। सबसे महंगे 0001 की शुरूआती बोली पांच लाख रुपये से शुरू होती है। वीआईपी नंबरों की आखिरी नीलामी फरवरी में हुई थी। उसके बाद से अभी तक वीआईपी नंबरों की नीलामी नहीं हुई है।
इससे परिवहन विभाग को राजस्व का नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। करीब चार महीने से नीलामी प्रक्रिया के रुकने के पीछे अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी नंबरों की ऑनलाइन बोली लगाई जाती है।
उस वेबसाइट को अपडेट करने का काम चल रहा है। अधिकारियों ने बताया कि बोली के दौरान अभी तक आने वाली कुछ तकनीकी खामियों के अलावा वेबसाइट में कुछ नए फीचर्स डाले जा रहे हैं। इससे बोली लगाना और आसान होगा। वेबसाइट पूरी तरह से यूजर्स फ्रेंडली होगी।