कभी सपा के चाणक्य रहे ठाकुर अमर सिंह जल्द ही दोबारा साइकिल पर सवार हो सकते हैं। कई महीने से सपा ज्वाइन करने की चर्चाओं को इस सप्ताह अमलीजामा पहनाया जा सकता है।
वह सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से और 27 जनवरी को मुलायम सिंह से मुलाकात करेंगे। पार्टी में अमर सिंह के विरोधी एक कद्दावर मंत्री को लेकर थोड़ी उलझन है, इसको दूर करने को संगठन प्रयासरत है।
रविवार को अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने ज्वाइन करने के विषय में बातचीत की। वह एक निजी कार्यक्रम में गाजियाबाद पहुंचे थे।
उसी समारोह में आए शिवपाल यादव ने भी अमर सिंह के सपा में जल्द शामिल होने की बात स्वीकार की। वरिष्ठ नेता दिशांत त्यागी को मुरादनगर से प्रत्याशी बनाने के संकेत भी दिए।
ठाकुर अमर सिंह ने कहा कि ‘फिलहाल मैं राजनीति में नहीं हूं, जल्द हो सकता हूं।’ अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं। वह सपा में रहें या बाहर। यूपी का चुनाव नेताजी को ही लड़ाएंगे।
उन्होंने बताया कि 25 जनवरी को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मीटिंग होगी। इसके बाद 27 जनवरी को शिवपाल यादव और नेताजी से लखनऊ में मुलाकात होगी। कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि गाजियाबाद में मेयर का उपचुनाव सपा ही जीतेगी।
विधानसभा चुनाव में भी पार्टी केसामने कोई दल नहीं ठहरता है। विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों को तैयारी करने के संकेत दे दिए गए हैं।
उन्होंने सपा के प्रदेश सचिव दिशांत त्यागी की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनको मुरादनगर में मेहनत करने को कह दिया है। एमएलसी जितेंद्र यादव, एआरटीओ शेर सिंह यादव, एसडीएम सदर शैलेंद्र सिंह और सीओ सिटी मौजूद रहे।