फरीदाबाद में जिन उपभोक्ताओं के बिजली मीटर खराब हैं वे सीधे बिजली निगम से बदलवा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता को केवल मीटर की कीमत ही चुकानी पड़ेगी। हर माह दिए जाने वाला शुल्क उपभोक्ता को नहीं अदा करना होगा।
शहर में 14,753 बिजली मीटर खराब हैं। ये मीटर कहां-कहां और किन-किन उपभोक्ताओं के हैं इसके लिए सर्वे किया जा रहा है। 30 अप्रैल तक ये मीटर बदले जाएंगे। इसके अलावा अगर किसी उपभोक्ता का नाम सर्वे के दौरान सामने नहीं आता है और उसका मीटर खराब है तो वह उपभोक्ता अपने संबंधित बिजली निगम कार्यालय में जाकर मीटर बदलने के लिए आवेदन कर सकता है। जिसके बाद मीटर को 24 से 48 घंटे में बदल दिया जाएगा।
बिजली निगम से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यालय द्वारा काफी संख्या में बिजली मीटरों को खरीदा गया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बिजली निगम के पास मीटर नहीं थे। जिस कारण उपभोक्ताओं को बाजार से खरीदना पड़ रहा था। बाजार से यह मीटर महंगा पड़ता है।
सिंगल फेस मीटर 1000 में मिलता है, जबकि बिजली निगम से इस क्षमता का मीटर 890 रुपये का पड़ता है। थ्री फेस मीटर बाजार से 3300 रुपये तक का आता है जबकि बिजली निगम से यह मीटर 1940 रुपये का मिल जाएगा। बताया गया कि बिजली निगम ने लगभग 25 हजार मीटर खरीदे हैं।
एसई आरएस यादव ने बताया कि मीटरों को बदलने के लिए सभी कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। मुख्यालय से मीटरों का स्टॉक मिल चुका है।