दुनिया के सबसे बड़े चुनावी महासंग्राम के खत्म होने का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, राजनीतिक दलों की बेचैनी लगातार बढ़ती ही जा रही है।
नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल ने जहां बीजेपी की बल्ले-बल्ले होने के संकेत दिए हैं तो कांग्रेस और अन्य दलों में थोड़ी मायूसी छा गई है।
लोकसभा के नतीजे आने के ठीक एक दिन पहले तीन दिग्गज नेताओं ने दिए हैं चौंकाने वाले बयान, जिन्हें सुनकर आप खुद ही तय कर लेंगे कि इस बार किसकी सरकार?
'मुझे नहीं है जीत की उम्मीद'
कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्वी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार संदीप दीक्षित के बयान से ऐसा लगता है जैसे उन्होंने चुनाव के नतीजे आने से पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है।
संदीप दीक्षित ने एक चैनल को दिए बयान में कहा कि उन्हें अपने ही निर्वाचन क्षेत्र से कोई उम्मीद नहीं है। दीक्षित ने कहा, 'दूसरे नंबर रहूंगा या तीसरे नंबर पर मुझे ये भी नहीं पता।'
दीक्षित ने कहा कि एग्जिट पोल जो दिखा रहे हैं वो कितने सही हैं ये तो मतगणना के बाद पता चलेगा। चुनाव में मोदी फैक्टर तो नहीं है, लेकिन देशभर में एक ऐसा माहौल है जो कांग्रेस के खिलाफ है।
योगेंद्र यादव ने भी मान ली हार!
आम आदमी पार्टी के थिंक टैंक कहे जाने वाले योगेंद्र यादव ने भी लोकसभा चुनाव में आशा के मुताबिक सीटें न मिलने की संभावना को देखते हुए बीजेपी की तरफदारी करनी शुरू कर दी है।
योगेंद्र यादव ने कहा कि एग्जिट पोल के आधार पर जैसा माहौल दिख रहा है उससे यह कहा जा सकता है कि बीजेपी इतिहास का सबसे अच्छा प्रदर्शन करेगी और यह कांग्रेस के इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन होगा।
हालांकि योगेंद्र यादव ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आम आदमी पार्टी भी चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
'मोदी के स्वागत में बिछेंगे फूल'
एग्जिट पोल आने के बाद से ही जीत के जश्न में डूबी बीजेपी ने नतीजे आने के बाद अपने पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत का इंतजाम कर लिया है।
बीजेपी दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को भारी मतों से जीत मिलने वाली है। इस जीत का जश्न मनाने के लिए इंतजाम भी पूरे हो चुके हैं।
एयरपोर्ट से लेकर बीजेपी कार्यालय तक मोदी के स्वागत में फूल बरसाने की तैयारी भी पूरी हो चुकी है बस अब इंतजार है तो जीत के ऐलान का।