आम आदमी पार्टी (आप) के नेता योगेंद्र यादव व प्रशांत भूषण ने बृहस्पतिवार को बंद कमरे में करीब दो घंटे तक पार्टी में चल रही सियासी हलचलों पर चर्चा की। हालांकि दोनों के बीच की बात बाहर नहीं निकल सकी। फिर भी माना जा रहा है कि आगामी राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बारे में रणनीति तैयार की गई।
‘आप’ नेता योगेंद्र यादव दोपहर बाद करीब 12:50 बजे सुप्रीम कोर्ट के सामने स्थित प्रशांत भूषण के चैंबर में पहुंचे। इस दौरान भूषण चैंबर में मौजूद थे। दोनों की मुलाकात करीब 3:10 बजे तक चली।
इस बीच दोनों ने साथ-साथ लंच भी किया। बैठक खत्म होने के बाद दोनों बाहर निकल गए। दोनों नेताओं ने बैठक के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया। योगेंद्र यादव ने सिर्फ इतना कहा कि हम दोनों अच्छे दोस्त हैं।