इस वजह से हो रही बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली सहित उत्तर भारत के हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों से प्राप्त नमी के कारण हुई। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, उसके बाद एक बार फिर काले बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया। कुछ इलाकों में सुबह 10 बजे के आसपास हल्की बारिश हुई।
बारिश के कारण गिरा पारा
मौसम के इस बदले मिजाज से शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में लोधी रोड और रिज इलाका ठंडा रहा। लोधी रोड में जहां अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रिज में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
8 मई से बढ़ेगा पारा
जबकि मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री की गिरावट हुई थी और तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री कम 18.5 डिग्री दर्ज हुआ था। अगले सप्ताह बारिश, गरज वाले बादल, 30-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली कड़कड़ने की संभावना है। चार मई से तापमान 34-36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जबकि पांच मई को अधिकतम तापमान के 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। आठ मई से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरु होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री के बीच रहेगा।