यमुना प्राधिकरण बोर्ड ने नए उद्यमियों को भी राहत दी है। सेक्टर-29, 32 व 33 में उद्योगों के लिए जमीन आवंटित की गई है। योजना में कुल कीमत का 10 प्रतिशत आवेदन करते समय और 20 प्रतिशत पैसा आवंटन होने के बाद देना था। करीब 680 आवंटियों ने आवंटन राशि जमा नहीं की है। अब ये आवंटी 31 दिसंबर तक पैसा जमा कर सकेंगे। उनसे साधारण ब्याज दर ही लिया जाएगा।
31 मार्च तक नहीं बढ़ेंगी जमीन की दरें
नोएडा एयरपोर्ट के चलते यमुना प्राधिकरण एरिया में निवेशकों का रुझान काफी बढ़ा है। अटकलें लगाई जा रहीं थीं कि यमुना प्राधिकरण जमीन की आवंटन दरें बढ़ा सकता है, लेकिन प्राधिकरण बोर्ड ने फिलहाल चालू वित्तीय वर्ष में जमीन की दरें नहीं बढ़ाने का फैसला लिया है। वर्तमान दरें ही 31 मार्च 2021 तक लागू रहेंगी।
8.5 फीसदी ब्याज दर पर बोर्ड की मुहर
यमुना प्राधिकरण ने अपने बकायेदारों के लिए बीते एक जुलाई से 8.5 फीसदी ब्याजदर लागू कर दी है। यीडा बोर्ड ने भी इसपर अपनी मुहर लगा दी है। हर तरह के बकाएदारों से अब यही ब्याज दर लागू होगी। हर साल जनवरी व जुलाई में एसबीआई की मर्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लेंडिंग रेट (एमसीएलआर) पर दरें रिवाइज भी होंगी।