भारी बारिश से यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शहर में यमुना के डूब क्षेत्र में सैकड़ों फार्म हाउस, झुग्गी झोपड़ी व स्कूल बने हैं। पानी बढ़ने के साथ ही निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
ऐसे में यमुना व हिंडन पुश्ता और डूब क्षेत्र में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। यहां बाढ़ चौकियां बढ़ाई गई हैं जिसमें पुलिस कर्मियों के अलावा प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही, एनडीआरएफ को भी अलर्ट पर रखा गया है।
दरअसल, भारी बारिश से यमुना के जल स्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा हरियाणा स्थित हथिनी कुंड बांध से भी करीब 6,05,949 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यमुना नदी नोएडा, ग्रेटर नोएडा के किनारे से होकर निकलती है।
ऐसे में यहां ज्यादा नुकसान तो नहीं होगा, लेकिन पुश्ता व डूब क्षेत्र में सैकड़ों लोग रह रहे हैं। चार साल पहले भी हथिनी कुंड बांध से पानी छोड़े जाने के बाद यहां बने फार्म हाउसों के साथ यमुना व हिंडन किनारे बसे गांव जलमग्न हो गए थे।